पर्यावरण संरक्षण को लेकर रेलवे कर्मचारियों में दिखा उत्साह, जोधपुर में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन

जोधपुर : विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जोधपुर के सभागार कक्ष में सोमवार को निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कर्मचारियों को सक्रिय रूप से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे कर्मचारियों के जागरूकता अभियान से हुई, जिसमें पर्यावरणीय समस्याओं और उनके समाधान के लिए व्यक्तिगत व सामूहिक प्रयासों की अहमियत बताई गई। प्रतियोगिता का विषय रहा – “रेलवे में प्लास्टिक के उपयोग में आपकी सहभागिता”, जिसमें मंडल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने स्वच्छता, जलवायु परिवर्तन, हरित परिवहन और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा –
“पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन न केवल जागरूकता फैलाते हैं, बल्कि सकारात्मक जीवनशैली की ओर भी प्रेरित करते हैं।”