पाली: वंदे गंगा अभियान के तहत श्रम विभाग ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, सादड़ी में 500 पौधे लगाकर निकाली कलश यात्रा

पाली : वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत पाली जिले में जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न आयोजन किए गए। श्रम विभाग द्वारा जल बचाने और विवेकपूर्ण उपयोग के लिए शपथ दिलाई गई, जिसे लेबर इंस्पेक्टर की ओर से संपन्न कराया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर, सादड़ी नगरपालिका क्षेत्र में 500 पौधों का रोपण, सफाई अभियान, कलश यात्रा और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अधिशाषी अधिकारी नीलकमल सिंह ने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम सुरानाड़ी क्षेत्र में आयोजित किया गया। इसके अलावा अम्बेडकर उद्यान, गणेश चौक और बस स्टैंड की विशेष सफाई की गई।
वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत महिलाओं की अगुवाई में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों व पालिका कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर पालिका उपाध्यक्ष हिराराम जाट, जनप्रतिनिधि, आमजन व नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।