पाली: ‘गिव-अप अभियान’ के तहत अपात्र लाभार्थियों के नाम हटाने की प्रक्रिया तेज, उचित मूल्य दुकानदारों को मिले निर्देश

पाली, 26 अप्रैल। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के “गिव-अप अभियान” के तहत शनिवार को पंचायत समिति सभागार, पाली में ब्लॉक पाली एवं रोहट के समस्त उचित मूल्य दुकानदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला रसद अधिकारी मनजीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अंतिम पंक्ति के जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर मुख्यधारा में लाया जाए।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 5612 परिवारों के 23854 सदस्यों द्वारा स्वयं आवेदन कर खाद्य सुरक्षा सूची से नाम हटवाए जा चुके हैं। अपील की गई कि आयकर दाता, चौपहिया वाहन धारक, सरकारी कर्मचारी व अन्य सक्षम व्यक्ति 30 अप्रैल, 2025 तक स्वेच्छा से योजना से नाम हटवाएं, अन्यथा जांच के बाद अपात्र पाए जाने पर वसूली की कार्यवाही की जाएगी।

रसद अधिकारी ने सभी उचित मूल्य दुकानदारों को अपात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें गिव-अप अभियान के तहत आवेदन करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के तहत ‘अन्नपूर्णा भंडार’ खोलने के लिए इच्छुक उचित मूल्य दुकानदारों से सहमति पत्र मंगवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
बैठक में प्रवर्तन अधिकारी कमल कुमार पंवार, जितेन्द्र सिंह आशिया, कनिष्ठ सहायक हेमन्त सेन व धर्मपाल सिंह जैतावत सहित समस्त उचित मूल्य दुकानदार मौजूद रहे।



