पाली में निवेश कार्यशाला का आयोजन, उद्यमियों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी

पाली : राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के तहत संपादित एमओयू को जमीन पर उतारने और निवेशकों को राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से आज जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, पाली द्वारा मंडिया रोड औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन हॉल में जिला स्तरीय निवेश कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की औद्योगिक योजनाएं पाली जिले के औद्योगिकीकरण को नई दिशा दे सकती हैं। उन्होंने स्थानीय उद्यमियों से अधिकाधिक निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और जिले के उत्पादों को विशिष्ट पहचान मिल सकेगी।

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एस.आर. अली ने कार्यशाला के दौरान राजस्थान सरकार की प्रमुख योजनाएं जैसे – एमएसएमई नीति 2024, ओडीओपी नीति 2024, निर्यात प्रोत्साहन नीति 2024, एकीकृत क्लस्टर विकास योजना, डेटा सेंटर पॉलिसी आदि की पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने पाली के टेक्सटाइल उद्यमियों को ओडीओपी योजना में ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में विनय बंब (प्रांतीय सचिव, लघु उद्योग भारती), बहादुर सिंह खालसा (अध्यक्ष, फालना उद्योग मंडल), एस.पी. चोपड़ा (सचिव, सीईटीपी फाउंडेशन पाली), और राकेश अखावत (अध्यक्ष, मंडिया रोड औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन) ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेकर उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यशाला में करीब 150 निवेशकों, उद्यमियों व उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और अपने अनुभव भी साझा किए।



