google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jaipurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

शादी के सीज़न में साइबर ठगों का नया हथकंडा, ‘ई-निमंत्रण.apk’ के नाम पर मोबाइल हैकिंग से सावधान!

जयपुर : राजस्थान पुलिस ने आमजन को एक नए साइबर खतरे से सतर्क किया है। विवाह-शादी के इस सीज़न में साइबर ठग ई-निमंत्रण और गिफ्ट लिंक के बहाने एक खतरनाक जाल बिछा रहे हैं। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अपराधी सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और ईमेल के जरिए एक फर्जी एप्लिकेशन (आमंत्रण.apk) साझा कर रहे हैं, जो इंस्टॉल होते ही मोबाइल फोन को हैक कर लेता है।

उप महानिरीक्षक पुलिस (साइबर क्राइम) विकास शर्मा ने बताया कि यह एप कोई साधारण ऐप नहीं, बल्कि एक बैकडोर मैलवेयर है। इसे इंस्टॉल करने के बाद यह उपयोगकर्ता के एसएमएस, कांटेक्ट लिस्ट, कैमरा और फाइल्स तक पहुंच बना लेता है। यह चोरी-छिपे बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंचा देता है। अपराधी इन जानकारियों का दुरुपयोग कर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने और वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस की 5 महत्वपूर्ण सुरक्षा सलाह
साइबर क्राइम शाखा ने आमजन से अपील की है कि वे इन सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन करें —
1️⃣ किसी भी ई-निमंत्रण या गिफ्ट लिंक पर क्लिक करने से पहले भेजने वाले की पहचान की पुष्टि करें।
2️⃣ मोबाइल सेटिंग्स में Install from unknown sources विकल्प को तुरंत Disabled करें।
3️⃣ केवल Google Play Store या Apple App Store जैसे अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही एप डाउनलोड करें।
4️⃣ अपने मोबाइल में विश्वसनीय एंटीवायरस या मोबाइल सिक्योरिटी ऐप का उपयोग करें।
5️⃣ किसी संदिग्ध लिंक या फाइल को तुरंत डिलीट करें और दूसरों के साथ शेयर न करें।

ऐसे करें शिकायत
यदि आप इस प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तुरंत कार्रवाई करें —
साइबर हेल्पलाइन नंबर: 1930
ऑनलाइन शिकायत पोर्टल: https://cybercrime.gov.in
पुलिस मुख्यालय हेल्पडेस्क: 9256001930 / 9257510100

राजस्थान पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और इस तरह के फर्जी ई-निमंत्रण या गिफ्ट लिंक को पहचानकर दूसरों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button