ऑपरेशन ‘प्रहार’ में एनसीबी की ऐतिहासिक कामयाबी, सांचोर में 2413 किलो पोपी स्ट्रॉ की जब्ती

जालौर : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जोधपुर ज़ोनल यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन “प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार शाम करीब 7:40 बजे सांचोर (जिला जालौर) में की गई कार्रवाई में एनसीबी टीम ने एक ट्रक (नंबर GJ01CZ4923) से 2413.680 किलो पोपी स्ट्रॉ बरामद की। बरामद खेप की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग ₹3.61 करोड़ बताई जा रही है।
झारखंड से बाड़मेर जा रही थी खेप
एनसीबी अधिकारियों के अनुसार ट्रक झारखंड से रवाना होकर बाड़मेर की ओर जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें अवैध पोपी स्ट्रॉ की भारी मात्रा छिपाकर लाई जा रही थी। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

NDPS एक्ट में मामला दर्ज
बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया गया है। एनसीबी की ओर से प्रकरण संख्या VIII(IO)09/NCB/JZU/2025 में जांच शुरू की गई है।
जब्ती का विवरण
मादक पदार्थ : पोपी स्ट्रॉ
बरामद मात्रा : 2413.680 किलो
कीमत : लगभग ₹3.61 करोड़
स्थान : सांचोर, जिला जालौर (राजस्थान)
नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी
एनसीबी ने बताया कि अब इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायर, फाइनेंसर, ट्रांसपोर्टर और बाड़मेर में रिसीवर तक पहुँचने के लिए गहन जांच की जा रही है।
जोनल डायरेक्टर की अपील
एनसीबी राजस्थान जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी (आईआरएस) ने कहा कि यह कार्रवाई प्रदेश में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे नशामुक्त राजस्थान की मुहिम में सहयोग करें। नागरिक नशे से जुड़ी कोई भी सूचना मानस पोर्टल (MANAS Portal) या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर गोपनीय रूप से साझा कर सकते हैं। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और विश्वसनीय जानकारी पर इनाम भी दिया जाएगा।



