
जालोर : राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र के कालूपुरा पुर गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घरेलू विवाद के बीच एक व्यक्ति ने हथौड़े से अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद पानी के टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर सांचौर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं।
जानकारी के अनुसार, कालूपुरा पुर निवासी वाघाराम पुत्र सुखराम बिश्नोई ने अपनी पत्नी बाबू देवी पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। उस समय घर में पति-पत्नी के अलावा कोई नहीं था। उनका बेटा किसी काम से बाहर गया हुआ था।
जब बेटा वापस घर लौटा, तो उसने मां को खून से लथपथ हालत में देखा। उसने तुरंत पिता को तलाशा तो पास के टांके में उनका शव तैरता हुआ मिला। यह दृश्य देखकर उसकी चीख-पुकार से पूरा गांव घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा।

सूचना पर सांचौर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दोनों शवों को कब्जे में लिया और सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान चारण और डीएसपी जयराम मुंडेल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाघाराम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। कुछ दिन पहले भी उसने टांके में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय ग्रामीणों ने उसे बचा लिया था।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार का विवाद या तनाव था जिसने इस भयावह कदम को जन्म दिया।
इस दर्दनाक घटना से कालूपुरा पुर गांव में मातम छा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वाघाराम सामान्यत: शांत स्वभाव का व्यक्ति था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। सांचौर थाना पुलिस ने मृतक दंपती के परिजनों और पड़ोसियों से बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।




