उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल में स्वच्छ परिसर दिवस का आयोजन, कर्मचारियों ने बढ़चढ़ कर लिया हिस्सा

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2025 के तहत बुधवार को “स्वच्छ परिसर दिवस” मनाया गया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन परिसरों, रनिंग रूम्स और रेलवे कॉलोनियों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा 1 से 15 अक्टूबर तक मंडल के सभी स्टेशनों और कार्यालयों में मनाया जा रहा है। “स्वच्छ परिसर दिवस” के तहत रनिंग रूम्स में सभी कमरों, किचन, रेस्ट रूम, बाथरूम और आसपास के परिसर की संपूर्ण सफाई की गई। बिस्तर, लिनेन और उपकरणों की धुलाई और सैनिटाइजेशन भी सुनिश्चित किया गया।

रेलवे कॉलोनियों में सड़कों, नालियों और खुले स्थानों की सफाई करते हुए झाड़ू-पोछा अभियान चलाया गया। कॉलोनी में जमा कचरे को एकत्र कर सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों और उनके परिजनों को “स्वच्छता ही सेवा है” के भाव से जागरूक कर अपने आवासीय और कार्यस्थल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

सफाई अभियान के दौरान पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी को अपने कार्यस्थल और आवासीय परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लेने का संदेश दिया। इस पहल से न केवल रेलवे परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित हुई, बल्कि कर्मचारियों में सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता भी बढ़ी।



