जोधपुर : लूणी हाईवे पर बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ से ज्यादा की एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त

जोधपुर : पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 545 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की है।
यह कार्रवाई कमिश्नरेट स्पेशल टीम और पुलिस थाना लूणी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मगाराम उर्फ मगराज जाट (34) निवासी पंडितों का बास, चामू (जोधपुर ग्रामीण) के रूप में हुई है।
सूचना मिली थी कि आरोपी पाली से रोहट होते हुए मादक पदार्थ की सप्लाई लेकर निकलेगा। इस पर पुलिस ने शनिवार को लूणी क्षेत्र के काकांणी के पास हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक रेस्टोरेंट के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान 545 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने यह ड्रग्स प्रतापगढ़ निवासी आदिल खान नामक व्यक्ति से खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायर्स की श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है।



