google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर : ‘टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0’ की समीक्षा बैठक, पाली जिला रहा सबसे आगे

जोधपुर : जोधपुर संभाग की अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सुनीता चौधरी ने कहा कि “टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0” की सफलता के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन देश की तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या है, जिसके कारण हर साल हजारों लोगों की जान जाती है। इसलिए इस अभियान का उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण कानूनों का सख्ती से पालन कराना और लोगों में तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति अधिकतम जागरूकता फैलाना है।

वे सोमवार को जोधपुर के जलजोग चौराहे स्थित एक होटल में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में उन्होंने 9 अक्टूबर 2025 से शुरू हुए इस अभियान की संभाग के सभी जिलों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कम प्रगति वाले जिलों को तेजी से गतिविधियां बढ़ाने और अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा विभाग जोधपुर जोन के संयुक्त निदेशक डॉ. नरेंद्र कुमार सक्सेना ने कहा कि अब अभियान की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एनटीसीपी जयपुर सेल के स्टेट प्रोग्राम ऑफिसर नरेंद्र सिंह ने “टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0” की जिलेवार प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण (Presentation) दिया। वहीं, एसआरकेपीएस एनजीओ के राजन चौधरी ने “तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत” की रूपरेखा और कार्ययोजना प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई, जिसमें डब्ल्यूएचओ की टीबी कंसल्टेंट डॉ. हंसा ने जानकारी साझा की।

बैठक में जोधपुर जिला परिषद के सीईओ आशीष कुमार मिश्रा, टीटीसी के डॉ. जकारिया चौहान, जोधपुर जोन के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. आदित्य आत्रेय, सीएमएचओ, डिप्टी सीएमएचओ, एनटीसीपी डीपीओ, शिक्षा, आयुर्वेद, पुलिस, नगर निकाय एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

पाली जिला संभाग में रहा अव्वल
समीक्षा बैठक में पाली जिला अपने उत्कृष्ट कार्यों के कारण संभाग स्तर पर छाया रहा। पाली द्वारा चलाए जा रहे प्रभावी अभियानों और जनजागरूकता गतिविधियों की अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ने विशेष सराहना की, और अन्य जिलों को भी पाली की तरह काम करने की सलाह दी।

पाली के सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बैठक में बताया कि जिले में “टीम वर्क” के माध्यम से अभियान को सफल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग से लेकर शिक्षा, नगर निकाय और सामाजिक संस्थाओं तक सभी मिलकर इस मुहिम को जन आंदोलन के रूप में चला रहे हैं।
वहीं पाली एनटीसीपी के डीपीओ डॉ. अंकित माथुर ने जिले की प्रगति पर विस्तृत पीपीटी प्रस्तुति दी। पाली की इस कामयाबी के पीछे जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की सामूहिक भागीदारी रही।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button