ओसिया में फिल्मी अंदाज में रफ्तार का कहर, दो गुटों की भिड़ंत, पीछा-कर हमले में 6 घायल, गाजर से भरे ट्रक से गाड़ी भिड़ी

जोधपुर ग्रामीण जिले के ओसिया थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़कों पर फिल्मी सीन जैसा हड़कंप मच गया, जब लेनदेन के विवाद ने दो गुटों के बीच खतरनाक रूप ले लिया। तेज रफ्तार गाड़ियों से पीछा, सड़क पर लहराती पिकअप और कैंपर, और फिर अचानक हुआ हमला… पूरा घटनाक्रम शहरवासियों के लिए दहशत भरी रात बन गया।
थाना अधिकारी राजेंद्र चौधरी के अनुसार, रात करीब 10 बजे रावल सिंह जोधपुर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान चाडी चौराहे के पास दुर्गसिंह और उसके साथी उसकी गाड़ी के पीछे लग गए। दोनों ओर से रफ्तार बढ़ती गई और बिगमी के पास आरोपियों ने रावल सिंह पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इधर, पीछा करते वक्त बदमाशों की दूसरी गाड़ी थोब बारा फांटा के पास आगे चल रहे गाजर से भरे टेंपो ट्रक से जोरदार टकरा गई। धमाके जैसी आवाज के साथ इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में हमलावर गुट के पांच लोग घायल हुए। सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार और लहराते हुए गुज़रने से कई राहगीर डरकर साइड में खड़े हो गए।
घायलों में रावल सिंह के अलावा पुखराज (30) पुत्र भींयाराम निवासी घेवड़ा, ओमपाल सिंह (30) निवासी बुचेटी, भगवान सिंह (28) निवासी उम्मेद सिंह, रमेश (30) पुत्र भंवराराम और देवेंद्र सिंह (24) निवासी कपूरिया फांटा शामिल हैं। पुखराज की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पहले ओसिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने रावल सिंह के पर्चा बयान के आधार पर दुर्गसिंह व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना में गाड़ी को नुकसान पहुंचने पर टेंपो चालक ने भी अलग से रिपोर्ट दर्ज करवाई है। ओसिया की शांत रात में हुई यह फिल्मी पीछा-कांड वाली वारदात अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है, जबकि इलाके में लोग अभी भी दहशत का माहौल महसूस कर रहे हैं।



