अमृत भारत स्टेशन योजना: 19.88 करोड़ से बदलेगा बालोतरा रेलवे स्टेशन का स्वरूप, अधिकांश कार्य पूर्ण

जोधपुर : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल स्थित बालोतरा रेलवे स्टेशन का 19.88 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े अधिकांश निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष हिस्सों में फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत स्टेशन के प्रथम एवं द्वितीय प्रवेश द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, पीआरएस, वीआईपी प्रतीक्षालय, डॉरमिट्री, अपर क्लास प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम एवं स्टोर रूम सहित यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े प्रमुख कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं।
दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर दिव्यांग रैंप, रेलिंग, दिव्यांग शौचालय, ग्रैब बार सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके साथ ही पुरुष एवं महिला यात्रियों के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, बेहतर फ्लोरिंग, वॉल क्लैडिंग, पेंटिंग, इलेक्ट्रिकल एवं सैनिटरी कार्य भी पूर्ण अथवा अंतिम चरण में हैं।

स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, वाहन नियंत्रण व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य भी लगभग पूरे कर लिए गए हैं। वहीं प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सतह सुधार, टैक्टाइल टाइल्स एवं रंग-रोगन का कार्य अंतिम दौर में है।
बालोतरा रेलवे स्टेशन के इस कायाकल्प के बाद यात्रियों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे यात्रा अनुभव और अधिक सहज एवं बेहतर बनेगा। रेलवे प्रशासन शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर स्टेशन को पूरी तरह यात्रियों के लिए समर्पित करने की दिशा में प्रयासरत है।




