google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

कोहरे से निपटने को जोधपुर मंडल अलर्ट मोड में, उत्तर पश्चिम रेलवे ने युद्धस्तर पर की व्यापक तैयारियां

जोधपुर : कोहरे के मौसम में ट्रेनों के सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने युद्धस्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में यात्रियों की सुरक्षा और रेल संचालन की विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि कोहरे के दौरान लोको पायलट एवं रनिंग स्टाफ को सर्दी से बचाने और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी इंजनों की कैब को हीटर युक्त एवं हवा-रोधक बनाया गया है, जिससे संचालन के दौरान कर्मीदल को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

घने कोहरे में ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को ध्यान में रखते हुए अद्यतन फॉग सेफ डिवाइस (FSD) प्रत्येक लोको पायलट को उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही कोहरे के कारण ट्रेनों की समयबद्धता प्रभावित होने और रनिंग स्टाफ को लोको लॉबी पर अधिक प्रतीक्षा करने की स्थिति को देखते हुए जोधपुर मंडल की सभी क्रू लॉबी में वेटिंग हॉल की समुचित व्यवस्था की गई है।

इसके अतिरिक्त, जोधपुर मंडल के सभी रनिंग रूमों में रेल कर्मियों की सुविधा हेतु कम्बल, रूम हीटर, गर्म पानी के लिए गीजर एवं उच्च गुणवत्ता वाले भोजन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे का जोधपुर मंडल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोहरे के मौसम में भी सुरक्षित, संरक्षित एवं भरोसेमंद रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button