माहेश्वरी ग्लोबल कन्वेंशन 2026 में सनातन संस्था की ग्रंथ प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों ने दिखाया विशेष उत्साह

जोधपुर : माहेश्वरी ग्लोबल कन्वेंशन 2026 के दौरान सनातन संस्था द्वारा आयोजित ग्रंथ प्रदर्शनी को देश-विदेश से आए माहेश्वरी बंधुओं का जबरदस्त प्रतिसाद मिला। प्रदर्शनी में सोलह संस्कार, अध्यात्म, नामजप-साधना, आचार-धर्म, जीवन मूल्य एवं संस्कार निर्माण जैसे विषयों पर आधारित ज्ञानवर्धक ग्रंथ प्रस्तुत किए गए, जिनका मुख्य उद्देश्य वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली से मुक्ति एवं अध्यात्म से जुड़ाव को बढ़ावा देना रहा।
सनातन संस्था की जोधपुर प्रतिनिधि राखी मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज के भागदौड़ भरे युग में मानसिक शांति के लिए साधना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संस्था द्वारा संचालित निःशुल्क उपक्रमों की जानकारी देते हुए माहेश्वरी समाज के लोगों को बच्चों के लिए बालसंस्कार वर्ग एवं महिलाओं के लिए सत्संग से जुड़ने हेतु प्रेरित किया।

ग्रंथ प्रदर्शनी को लेकर माहेश्वरी बंधुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने सनातन संस्था की पत्रिका की सदस्यता ली तथा बच्चों के संस्कार निर्माण से जुड़ी पुस्तकों का क्रय भी किया।
इस अवसर पर स्टाल पर सनातन संस्था राजस्थान की संत पूज्य सुशीला मोदी, सी.ए. शैलेश मोदी, शीतल मोदी, डॉ. स्वाति मोदी तथा सोजत क्षेत्र से अर्चना लड्ढा उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा, महामंत्री अजय काबरा, सुरेश राठी सिक्योरिटी के संचालक सुरेश राठी, विष्णु बियानी, सौरभ राठी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों का विशेष सहयोग रहा।
सनातन संस्था के इस आध्यात्मिक एवं संस्कारपरक प्रयास को माहेश्वरी अधिवेशन टीम सदस्यों के सहयोग से नई ऊर्जा और सार्थक दिशा मिली, जिससे यह प्रदर्शनी कन्वेंशन की प्रमुख आकर्षण बनकर उभरी।



