रेलवे ने बदले रिजर्वेशन चार्टिंग नियम, अब 8 घंटे पहले बनेगा चार्ट—यात्रियों को मिलेगा अधिक समय विकल्प चुनने का

जोधपुर : भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रिजर्वेशन चार्ट बनाने के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब तक चार घंटे पहले बनने वाला चार्ट अब 8 घंटे पहले तैयार किया जाएगा। इस नई व्यवस्था से खासकर आरएसी और वेट लिस्ट यात्रियों को अपनी सीट कन्फर्म होने की जानकारी समय रहते मिल जाएगी, जिससे वे अन्य विकल्प चुनने के लिए पर्याप्त समय पा सकेंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रस्थान करने वाली ट्रेनों का चार्ट एक दिन पहले रात 9 बजे तक बन जाएगा। दोपहर 2 बजे से रात 11:59 बजे और रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चलने वाली ट्रेनों का पहला चार्ट ट्रेन के रवाना होने से 8 घंटे पहले तैयार किया जाएगा।
यह नियम छोटे और दूरदराज के स्टेशनों पर भी लागू होगा, ताकि सभी यात्रियों को इसका समान लाभ मिल सके।
खेड़ा ने कहा, “परिवर्तित नियमों से यात्रियों को टिकट कन्फर्म होने या सीट उपलब्ध होने की जानकारी समय रहते मिल सकेगी, जिससे उन्हें अन्य विकल्पों पर विचार करने का मौका मिलेगा।”
इस बदलाव से रेलवे की सेवा और भी यात्रियों के अनुकूल होगी और उनकी यात्रा अनुभव में सुधार आएगा।