google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर रेल मंडल में अंतरराष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस मनाया गया, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को ‘विज्ञान दूत’ का सम्मान

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल परिसर में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महिला रेल कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह दिवस प्रतिवर्ष 11 फरवरी को संयुक्त राष्ट्र द्वारा मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की समान, सम्मानजनक एवं सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करना तथा उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में भी तकनीकी एवं परिचालन क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका निरंतर मजबूत हो रही है और वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

इस अवसर पर मंडल परिसर में विज्ञान विषय पर आधारित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महिला रेल कर्मियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता कुल 25 अंकों की थी।

प्रतियोगिता में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव एवं वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (ईएनएचएम) अरुण कुमार ने 25 में से 25 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं सोनल वर्मा (सीसीटीएस) ने महिला प्रतिभागियों में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने विजेताओं को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया तथा उन्हें “विज्ञान दूत” के रूप में चयनित किया। इसके अलावा अन्य प्रतिभागी रेल कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप 200-200 रुपये देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस विषयक एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने अवलोकन किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button