मेड़ता रोड स्टेशन पर ‘मिशन 100’ की पहल: रेलवे कर्मचारियों की शिकायतें सुनीं, स्वास्थ्य जांच में सामने आई नई बीमारियां

जोधपुर : रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में ‘मिशन 100’ अभियान के तहत मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित यह मंडल का दूसरा शिविर था। शिविर के दौरान कार्मिक विभाग की टीम ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने बताया कि शिविर में कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य जांच शिविर में 32 कर्मचारियों और उनके आश्रितों की रैंडम ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच के दौरान 10 कर्मचारियों व उनके परिजनों में पहली बार उच्च रक्त शर्करा और उच्च रक्तचाप की समस्या सामने आई। चिकित्सक डॉ. विकास चौधरी ने कर्मचारियों को संतुलित आहार, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर का संचालन मुख्य कल्याण निरीक्षक अनिल कुमार चानना, कुम्भा राम बाजिया, प्रताप सिंह नाथावत और स्टेशन अधीक्षक रूपचन्द बैरवा की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक मेड़ता रोड शाखा के प्रबंधक सुरेश कुमार ने कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा और बैंकिंग से जुड़े विभिन्न लाभों की जानकारी भी दी। ‘मिशन 100’ के तहत ऐसे शिविर कर्मचारियों के कल्याण और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।



