लूणी स्टेशन पर ‘मिशन-100’ का असर, शिकायत समाधान के साथ 32 रेलकर्मियों की स्वास्थ्य जांच

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान और स्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा ‘मिशन-100’ अभियान प्रभावी साबित हो रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को लूणी रेलवे स्टेशन पर मंडल का पांचवां कर्मचारी शिकायत एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कार्मिक विभाग की टीम ने रेल कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 10 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 6 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य जांच शिविर के अंतर्गत चिकित्सक डॉ. अजय शर्मा ने 32 कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की हाई आरबीएस और ब्लड प्रेशर की जांच की। साथ ही उन्होंने सभी को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर का संचालन कल्याण निरीक्षक कुम्भा राम बाजिया, प्रताप सिंह नाथावत तथा स्टेशन अधीक्षक अभय कुमार की देखरेख में किया गया।
मंडल प्रशासन के अनुसार कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से ऐसे शिविर भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।



