google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

140 करोड़ की लागत से बदलेगा जैसलमेर स्टेशन का स्वरूप, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से होगा सुसज्जित

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा जैसलमेर रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जोधपुर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जैसलमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर मेगा री-डेवलपमेंट परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में विकसित हो रही आधुनिक यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। सर्कुलेटिंग एरिया, एयर कॉनकोर्स, रिटायरिंग रूम, डॉरमेट्री, लिफ्ट, एस्केलेटर और प्रशासनिक कार्यालयों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मेगा री-डेवलपमेंट योजना के तहत विकसित हो रहा जैसलमेर रेलवे स्टेशन भविष्य में अपनी ऐतिहासिक हेरिटेज इमारत और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं के अनूठे संयोजन के कारण नई पहचान स्थापित करेगा। लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह स्टेशन एयरपोर्ट जैसी उच्च स्तरीय सुविधाओं से युक्त होगा। पर्यटन और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण इस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के अनुसार — स्टेशन पर 10 लिफ्ट एवं 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं, प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन के लिए 6 मीटर चौड़ाई वाले दो नए फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं, तीनों प्लेटफार्मों पर 10,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में शेल्टर निर्माण किया गया है, विशाल सर्कुलेटिंग एरिया और आधुनिक एयर कॉनकोर्स विकसित किया गया है, लगभग 480 वर्ग मीटर क्षेत्र वाणिज्यिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा गया है
यह विकास कार्य भविष्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ यात्रियों के यात्रा अनुभव को भी अधिक सुगम और आरामदायक बनाएगा।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (बिजली) नीतीश कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विक्रम सिंह, मंडल इंजीनियर (दूरसंचार) शुभम यादव तथा स्टेशन अधीक्षक पंकज झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जैसलमेर स्टेशन का यह कायाकल्प पश्चिमी राजस्थान के रेलवे ढांचे को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button