‘मिशन 100’ के तहत बासनी स्टेशन पर विशेष शिविर: रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं का मौके पर समाधान, स्वास्थ्य जांच में सामने आए नए मामले

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ‘मिशन 100’ अभियान के तहत शुक्रवार को बासनी रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कर्मचारियों को एक ही मंच पर अपनी समस्याएं रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्मिक विभाग की टीम ने कर्मचारियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 5 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 4 का समाधान तत्काल मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामले के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

शिविर का एक महत्वपूर्ण पहलू स्वास्थ्य जांच भी रहा। इस दौरान 18 कर्मचारियों और उनके आश्रितों की हाई आरबीएस (रक्त शर्करा) एवं ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच में 5 कर्मचारियों व उनके परिजनों में पहली बार हाई आरबीएस और उच्च रक्तचाप की समस्या सामने आई, जिससे समय रहते स्वास्थ्य जोखिम की पहचान संभव हो सकी।
चिकित्सक विशेष कुमार बंसल ने कर्मचारियों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए भविष्य में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
शिविर का संचालन मुख्य कल्याण निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता, प्रताप सिंह नाथावत एवं स्टेशन अधीक्षक कृष्णो दास की देखरेख में सफलतापूर्वक किया गया। यह पहल न केवल कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी साबित हुई, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता को भी मजबूती प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।



