ईरान-इजराइल तनाव के बीच दुबई में फंसे जोधपुर के 120 श्रद्धालु, आज स्वदेश लौटेंगे

जोधपुर : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण खाड़ी देशों में उड़ानों पर असर पड़ा है, जिसके चलते कई भारतीय नागरिक विदेशों में फंस गए। इसी बीच जोधपुर के करीब 120 श्रद्धालु भी पिछले पांच दिनों से दुबई में फंसे हुए थे, जो अब सुरक्षित भारत लौट रहे हैं।
ये सभी श्रद्धालु जोधपुर के सूरसागर स्थित बड़ा रामद्वारा के संत संत अमृतराम महाराज के साथ दुबई में आयोजित धार्मिक कथा में शामिल होने गए थे। दुबई में 24 से 28 फरवरी तक कथा का आयोजन हुआ था, जिसके लिए संत अमृतराम महाराज सहित जोधपुर से 120 श्रद्धालु 23 फरवरी को रवाना हुए थे।

कथा के समापन के बाद 28 फरवरी को सभी को भारत लौटना था, लेकिन क्षेत्र में बढ़ते तनाव और उड़ानों पर पड़े प्रभाव के कारण उन्हें दुबई एयरपोर्ट से वापस मीना बाजार स्थित एक होटल भेज दिया गया। इस वजह से सभी श्रद्धालु पिछले पांच दिनों से दुबई में ही रुके हुए थे।
इस बीच चरणबद्ध तरीके से कुछ यात्रियों की वापसी संभव हो पाई। जानकारी के अनुसार 76 यात्री दुबई से कोच्चि पहुंच चुके हैं, जबकि 30 श्रद्धालु अहमदाबाद पहुंच गए हैं। शेष श्रद्धालु भी अब जोधपुर लौटने की प्रक्रिया में हैं और आज सभी के सुरक्षित पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी केंद्र सरकार से हस्तक्षेप कर सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। उधर क्षेत्रीय तनाव के चलते जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से खाड़ी देशों के लिए संचालित चार उड़ानों को बुधवार को लगातार पांचवें दिन भी रद्द कर दिया गया।

संत अमृतराम महाराज जोधपुर के सूरसागर स्थित बड़ा रामद्वारा में भजन-कीर्तन और धार्मिक कथाओं के लिए प्रसिद्ध हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी लोकप्रियता है और उनके इंस्टाग्राम पर करीब 1.38 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। वे राम कथा और नानी बाई मायरा कथा सहित कई धार्मिक आयोजनों के लिए जाने जाते हैं। इस बार दुबई में आयोजित कथा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे।



