जोधपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई: बिना टिकट यात्रा के 70 हजार मामलों से वसूले 3.24 करोड़ रुपए
रेलवे की सघन चेकिंग से राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी, तीन माह में रिकॉर्ड वसूली

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने चालू वित्त वर्ष 2025–26 की पहली तिमाही में टिकट जांच के सघन अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। मंडल की वाणिज्यिक टीम ने अप्रैल से जून तक के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने जैसे 70 हजार से अधिक मामलों में कुल 3 करोड़ 24 लाख 15 हजार 508 रुपए की वसूली की है।
सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि यह कार्रवाई डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर की गई। सबसे ज्यादा वसूली बिना टिकट यात्रियों से हुई, जिनके 41,398 मामलों में 2 करोड़ 5 लाख रुपए से अधिक वसूले गए।
अनियमित टिकट वाले 21,639 यात्रियों से 1.11 करोड़ रुपए, गंदगी फैलाने के 6,193 मामलों में 6.69 लाख रुपए और धूम्रपान के 241 मामलों में 50,600 रुपए का जुर्माना वसूला गया। बिना बुक लगेज ले जाने के 42 मामलों से भी जुर्माना वसूला गया। रेल मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सघन टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, अन्यथा जुर्माने की कार्रवाई तय है।