रतनगढ़–डेगाना रेलखंड पर बड़ा तकनीकी कार्य पूरा, लाडनूं यार्ड का एलसी-33 समपार फाटक स्थाई रूप से बंद

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने रेलवे संरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल के अंतर्गत रतनगढ़–डेगाना रेलखंड में समपार फाटक पर बॉक्स पुशिंग और गर्डर लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिसके बाद संबंधित समपार फाटक को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने रतनगढ़–डेगाना सेक्शन के लाडनूं यार्ड स्थित एलसी-33 समपार फाटक पर तीन रेल लाइनों के नीचे बॉक्स पुशिंग का जटिल तकनीकी कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित ब्लॉक अवधि के दौरान दो दिन पहले गर्डर डीलॉन्चिंग का कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किया गया था। इससे पहले 22 फरवरी 2026 को लूप लाइन-1 और मेन लाइन पर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया गया था। सभी कार्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए सावधानीपूर्वक पूरे किए गए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस कार्य के पूर्ण होने के बाद एलसी-33 समपार फाटक को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे रेल संचालन की सुरक्षा और सुगमता में और अधिक सुधार होगा।
इस उपलब्धि पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। इस महत्वपूर्ण कार्य में मंडल इंजीनियर (पूर्व) श्रीचंद पुनिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (कर्षण) महेंद्र कुमार तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (सिग्नल एवं टेलीकॉम) अनुपम कुमार सहित विभिन्न विभागों का विशेष सहयोग रहा।



