‘मिशन-100’ के तहत जालोर रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत व स्वास्थ्य जांच शिविर, कई समस्याओं का मौके पर समाधान

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से ‘मिशन-100’ अभियान के तहत शनिवार को जालोर रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कार्मिक विभाग की टीम ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने बताया कि शिविर में कुल 9 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सक द्वारा 22 कर्मचारियों और उनके परिजनों की हाई आरबीएस (ब्लड शुगर) और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। चिकित्सक डॉ. विजय राज चौधरी ने सभी को संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर का संचालन कल्याण निरीक्षक कुम्भाराम बाजिया, कार्यालय अधीक्षक मांगू सिंह राजावत तथा स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार मीणा की देखरेख में किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके स्वास्थ्य संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।



