महिला दिवस पर जोधपुर रेलवे में मैत्री क्रिकेट मैच, मंडल कार्यालय टीम ने 7 विकेट से जीता खिताब

जोधपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में महिला कर्मचारियों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी की पहल पर रेलवे स्टेडियम में आयोजित इस रोमांचक मुकाबले में जोधपुर मंडल कार्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोधपुर रेलवे कारखाना टीम को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
दूधिया रोशनी में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जोधपुर रेलवे कारखाना की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 47 रन बनाए और मंडल कार्यालय की टीम को 48 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मंडल कार्यालय की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 49 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
मैच के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। मैदान में उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों ने खिलाड़ियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी इस तरह की खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे उनमें खेल भावना, आत्मविश्वास और टीमवर्क की भावना विकसित हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला कल्याण संगठन की मंडल अध्यक्ष श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी ने दोनों टीमों की महिला खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और मैच का उद्घाटन कर की।
इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा, मंडल खेलकूद अधिकारी विक्रम सिंह सैनी, सहायक कार्मिक अधिकारी भंवर सिंह मीणा, कर्मचारी कल्याण निरीक्षक अनिल चानना और प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजन की सराहना की।



