रेलवे का बड़ा फैसला, ट्रैक पार हादसों पर रोक के लिए देशभर में बनेंगे आधुनिक अंडरब्रिज

जोधपुर : रेलवे ट्रैक पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए अब भारतीय रेलवे मिशन मोड में काम करेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देशभर में आधुनिक रेल सब-वे और रोड अंडर ब्रिज (RUB) निर्माण के निर्देश जारी किए हैं।
नई दिल्ली में आयोजित एक उच्चस्तरीय वर्कशॉप के दौरान रेल मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन स्थानों पर ट्रैक के एक ओर बस्ती और दूसरी ओर खेत, स्कूल, श्मशान या अन्य महत्वपूर्ण स्थल हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर अंडरब्रिज बनाए जाएं। खासतौर पर उन जगहों को चिन्हित किया जाएगा, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग रेल पटरी पार करते हैं।

रेल मंत्री ने कहा कि इन अंडरब्रिज का डिजाइन आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा, ताकि लोग साइकिल, मोटरसाइकिल और सामान के साथ आसानी से आवाजाही कर सकें। इससे ट्रैक पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं में बड़ी कमी आने की उम्मीद है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन संरचनाओं का निर्माण इस तरह किया जाए कि पटरियों के नीचे इन्हें सिर्फ 12 घंटे में स्थापित किया जा सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अंडरब्रिज में जलभराव जैसी समस्याएं न हों, जिससे लोग बिना किसी डर या झिझक के उनका उपयोग कर सकें।
रेल मंत्री ने अगले 5 से 6 वर्षों में इस समस्या का व्यापक समाधान करने का लक्ष्य तय करते हुए कहा कि रेलवे की योजनाएं आम जनता की जरूरतों और सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाई जाएं। यह पहल रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिससे हजारों लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा।



