जोधपुर रेलवे में ‘एग्जीक्यूटिव हेल्थ चेकअप’ कैंप, 80 अधिकारियों ने कराई जांच

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में अधिकारियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘एग्जीक्यूटिव हेल्थ चेकअप’ कैंप का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने मंडल कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन किया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. आर. बुनकर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य व्यस्त दिनचर्या के बीच अधिकारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना रहा। शिविर में 80 वरिष्ठ एवं अधीनस्थ अधिकारियों ने स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा हृदय, रक्त, मधुमेह, अंगों की कार्यक्षमता और हड्डियों से संबंधित विभिन्न जांचें आधुनिक उपकरणों से की गईं। जांच के बाद अधिकारियों को आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई।
इसके अलावा शिविर में तनाव प्रबंधन, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के महत्व पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। डॉ. बुनकर ने बताया कि ऐसे आयोजन स्वस्थ कार्य वातावरण बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारियों ने ‘उम्मीद कार्ड’ के माध्यम से पंजीकरण कर शिविर का लाभ उठाया। रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ ने सेवाएं देकर इस पहल को सफल बनाया।



