जोधपुर रेलवे मंडल ने रचा इतिहास, टिकट चेकिंग अभियान से 11.94 करोड़ की रिकॉर्ड वसूली

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाकर राजस्व वसूली का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने निर्धारित 11.48 करोड़ रुपए के लक्ष्य को पार करते हुए कुल 11.94 करोड़ रुपए की वसूली की, जो अब तक की सर्वाधिक है।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के शानदार परिणाम सामने आए हैं।
अभियान के दौरान 1.58 लाख बिना टिकट यात्रियों से 7.62 करोड़ रुपए वसूले गए, जबकि 86 हजार अनियमित यात्रा मामलों में 4.32 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा ट्रेनों और स्टेशनों पर गंदगी फैलाने के 27,500 मामलों में 29.75 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। अधिक सामान के साथ यात्रा करने के 174 मामलों में 70 हजार रुपए और धूम्रपान के करीब 1,000 मामलों में 1.96 लाख रुपए की वसूली की गई।
रेलवे प्रशासन ने विशेष जांच दल बनाकर अलग-अलग रेलखंडों पर औचक निरीक्षण करवाए। इनमें जोधपुर-मेड़ता-डेगाना-फुलेरा, डेगाना-रतनगढ़, मेड़ता रोड-बीकानेर, राइकाबाग-फलोदी-पोकरण-जैसलमेर, जोधपुर-लूनी-मारवाड़ जंक्शन, लूनी-समदड़ी-बालोतरा-बाड़मेर-मुनाबाव और समदड़ी-जालोर-भीलड़ी रेलखंड शामिल रहे। साथ ही वंदे भारत एक्सप्रेस और मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी सघन चेकिंग की गई।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें और नियमों का पालन करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि नए वित्तीय वर्ष में भी यह अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।



