जोधपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, 14 IED का दावा, परिसर खाली, हाई अलर्ट पर प्रशासन

जोधपुर : जोधपुर जिला एवं सेशन न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश को प्राप्त एक ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में साइनाइड गैस से भरे 14 आईईडी बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1:15 बजे विस्फोट करेंगे।
धमकी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तत्काल अलर्ट मोड पर आ गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए न्यायालय परिसर को दोपहर 12:30 बजे तक खाली कराने के निर्देश जारी किए गए और परिसर में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। हर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की जा रही है।
हालांकि, अभी तक इस ईमेल की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। आसपास के इलाकों में भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां हर पहलू से जांच में जुटी हुई हैं।



