google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर रेल मंडल में बड़ा निरीक्षण, प्रमुख वित्त सलाहकार ने विकास कार्यों की समीक्षा, आधुनिक रिकॉर्ड रूम का किया उद्घाटन

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे की प्रमुख वित्त सलाहकार गीतिका पांडेय ने शुक्रवार को जोधपुर दौरे के दौरान रेल व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और वित्तीय प्रबंधन की समीक्षा की।

दौरे के दौरान उन्होंने डीआरएम कार्यालय परिसर में पुनर्विकसित आधुनिक रिकॉर्ड रूम का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर लेखा एवं सामान्य शाखा के नए रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की आधुनिक व्यवस्था से रेलवे का महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जो भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोधपुर मंडल में हुए फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और विभिन्न परियोजनाओं में आए परिवर्तन पर संतोष जताया। अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने उनका स्वागत करते हुए मंडल की उपलब्धियों और प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जोधपुर मंडल ने ओवरऑल एफिशिएंसी में लगभग 50 प्रतिशत तक सुधार किया है, जो टीम की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है।

सुश्री पांडेय ने जोधपुर मंडल की कार्यक्षमता और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर समन्वय के साथ मंडल लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस बार का दौरा उनके लिए विशेष रहा, क्योंकि स्टेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर में हुए व्यापक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक विक्रम सिंह सैनी ने उनका स्वागत किया, वहीं डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने शॉल, साफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। यह दौरा जोधपुर रेल मंडल के विकास और बेहतर प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button