दिव्य संत खेतेश्वर महाराज की 114वीं जयंती पर प्रदेशभर में धार्मिक अनुष्ठान, शोभायात्राओं से गूंजा माहौल

जोधपुर : दिव्य संत श्री खेतेश्वर महाराज की 114वीं जन्म जयंती महोत्सव के अवसर पर राजस्थान प्रदेश राजपुरोहित महासभा के बैनर तले पूरे प्रदेश में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। जोधपुर, फलोदी, जैसलमेर, बालोतरा, बाड़मेर, जालोर, राजसमंद, पाली गोडवाड़, पाली शहर, नागौर, बीकानेर, चूरू, ब्यावर, उदयपुर, कोटा, जयपुर और झुंझुनूं सहित विभिन्न जिलों में शिव मंदिरों में रुद्र अनुष्ठान, यज्ञ, भैरव उपासना और सेवा कार्यों का आयोजन किया गया।
कई स्थानों पर समाज बंधुओं ने भव्य शोभायात्राओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामाजिक एकता व समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रमों के तहत गरीबों को भोजन कराकर सेवा भाव भी प्रदर्शित किया गया।

जोधपुर शहर में राजस्थान प्रदेश राजपुरोहित महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जबर सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में मंगलेश्वर महादेव मंदिर में विशेष रुद्र अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रुद्री पाठ, गायत्री मंत्र, शिव उपासना, भैरव साधना, जलाभिषेक और हवन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। अनुष्ठान का संचालन आचार्य पंडित अशोक कुमार जोशी द्वारा विधि-विधान से कराया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जबर सिंह राजपुरोहित ने संत खेतेश्वर महाराज के आदर्शों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज को एकजुट और संगठित रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संतों के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज सुरक्षित और सशक्त बन सकता है।
महासभा के प्रदेश कोषाध्यक्ष किशोर सिंह ठाकुरवास ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक समरसता ही समाज की प्रगति का आधार है और संत खेतेश्वर महाराज का जीवन इसी संदेश का प्रतीक है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह नाडोल, इंद्र सिंह गादाना, मदन सिंह बागड़ियां, गीता कंवर नाडोल, जय सिंह रानी गांव, प्रकाश सिंह पावा सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने समाज में एकता, आस्था और सेवा भाव का संदेश दिया।



