जोधपुर मंडल में उत्कृष्ट सेवा का सम्मान, महेश चंद्र शर्मा को प्रशस्ति पत्र, समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए चिकित्सा विभाग के मुख्य कार्यालय अधीक्षक महेश चंद्र शर्मा को मंगलवार को सम्मानित किया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर एडीआरएम करनी राम ने कहा कि महेश चंद्र शर्मा एक कर्मठ और समर्पित कर्मचारी हैं, जो निर्धारित समय के अलावा भी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं। वे न केवल अपने नियमित कार्यों को दक्षता से पूरा करते हैं, बल्कि प्रशासन द्वारा सौंपे गए अतिरिक्त कार्यों को भी तत्परता के साथ संपादित करते हैं।
उन्होंने बताया कि शर्मा को विभिन्न नियमों और प्रक्रियाओं की गहन जानकारी है, जिसके चलते वे कार्यों का निष्पादन बेहद कुशलतापूर्वक करते हैं। उनके सहयोगपूर्ण व्यवहार और नेतृत्व क्षमता के कारण वे एक उत्कृष्ट पर्यवेक्षक के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
मंडल चिकित्सालय में आने वाले मरीजों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान कर वे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी एस.आर. बुनकर ने भी शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और समर्पण पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी और मंडल कार्मिक अधिकारी अमृतलाल मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



