कारगिल विजय दिवस पर देशभक्ति का जज्बा, जोधपुर रेल मंडल ने प्रतियोगिता विजेताओं को किया सम्मानित

जोधपुर : कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आयोजित देशभक्ति आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके उत्साह, प्रतिभा और राष्ट्रभक्ति की भावना की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों में देश के प्रति समर्पण, रचनात्मकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित काव्य पाठ प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रदीप कुमार विमल ने प्रथम, रक्षिता मेहता ने द्वितीय तथा नरेंद्र गौड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में कुल 25 प्रतिभागियों ने अपनी देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। निर्णायक मंडल में मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी एवं मंडल कार्मिक अधिकारी अमृतलाल मीणा शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता को भी कर्मचारियों का शानदार प्रतिसाद मिला, जिसमें करीब 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सबसे कम समय में सही उत्तर देकर ऋषिपाल सिंह चौधरी, पंकज कुमार झा, कैलाश कुमार वर्मा, अतुल शर्मा, शक्तिदान, सुरेश बलाई, कुलदीप बिश्नोई, दिनेश शर्मा, अमित प्रजापत, आशीष खन्ना, पुखराज मेघवाल तथा डी.आर. सैन विजेता बने।
पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने सभी विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल वीर शहीदों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करने का भी दिन है। उन्होंने भविष्य में भी कर्मचारियों से ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह सहित जोधपुर मंडल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के संदेश और वीर जवानों के सम्मान के संकल्प के साथ हुआ।



