माउंट आबू सड़क हादसा: ब्रेक फेल होने से पलटी पिकअप, 20 से अधिक लोग घायल – सीईओ और CMHO की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

माउंट आबू : माउंट आबू की चढ़ाई के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब ब्रेक फेल होने से एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें 20 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में सभी लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए आबूरोड के राजकीय अस्पताल भिजवाया गया।

पिकअप वाहन माउंट आबू की ओर जा रहा था, तभी सड़क पर ब्रेक फेल हो गए और वाहन पलट गया। गनीमत यह रही कि पिकअप खाई में गिरने से बच गई, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

हादसे के वक्त उसी मार्ग से जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. दिनेश खराड़ी और जिला परिषद के सीईओ प्रकाश चंद अग्रवाल गुजर रहे थे, जो माउंट आबू में आयोजित कलेक्टर्स बैठक में भाग लेने जा रहे थे। हादसा देख दोनों अधिकारी तत्काल रुके और घायलों की मदद में जुट गए।

उन्होंने मौके पर एम्बुलेंस और प्रशासन को तुरंत सूचना दी, जिसके चलते घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों की तत्परता से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पाया गया और एक बड़ी अनहोनी होने से टल गई। प्रशासनिक अधिकारियों की संवेदनशीलता और तेज प्रतिक्रिया की स्थानीय लोगों और घायलों ने सराहना की है। वहीं, हादसे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है कि वाहन में तकनीकी खराबी थी या लापरवाही हुई।



