10 मई को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बैंकों और विभागों के साथ हुई तैयारी बैठक

पाली : राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 10 मई को किया जाएगा, जिसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को पाली जिला मुख्यालय पर बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने की।
इस अवसर पर सचिव भाटी ने बताया कि लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन और लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से समाधान कराया जाएगा। इनमें खासतौर पर धारा 138 परक्राम्य विलेख अधिनियम के चेक बाउंस मामलों, ऋण वसूली, बिजली-पानी बिल, वैवाहिक विवाद (तलाक छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सिविल और अन्य राजीनामा योग्य प्रकरण शामिल हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बैंकों और वित्तीय संस्थानों द्वारा लाए गए मामलों की प्री-काउंसलिंग कराई जाएगी ताकि लोक अदालत से पहले ही समझौते की संभावनाएं तलाशी जा सकें। साथ ही आमजन को लोक अदालत के लाभों और प्रक्रिया के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

राजस्व से जुड़े सीमाज्ञान, पैमाइश, नामांतरण, शुद्धि आदि मामलों को भी लोक अदालत में रेफर किया जाएगा। सचिव भाटी ने सभी विभागों और बैंकों को निर्देश दिए कि वे समय रहते अपने प्री-लिटिगेशन प्रकरण प्रस्तुत करें, जिससे समय पर नोटिस जारी कर राजीनामा की प्रक्रिया की जा सके।
बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से अंकित कुमार शर्मा, बीएसएनएल से गजेंद्र चीतारा और विजय सिंघवी, श्रम विभाग से दिनेश सारण, नगर निगम से किशन सिंह रतनु, सीएमएचओ कार्यालय से तेजेन्द्र पाल सिंह, जिला रोजगार कार्यालय के प्रतिनिधियों समेत विभिन्न बैंक व वित्तीय संस्थानों के अधिकारी मौजूद रहे।



