कांग्रेस विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई विभाग को नई मजबूती, एडवोकेट राजूराम हरियाल बने पाली ब्लॉक अध्यक्ष

पाली : जिला कांग्रेस कमेटी के विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई विभाग के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। एडवोकेट राजूराम हरियाल को जिला कांग्रेस कमेटी विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई विभाग का पाली ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पाली जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह नियुक्ति राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पुनिया के निर्देशानुसार की गई है। उन्होंने कहा कि एडवोकेट हरियाल का संगठनात्मक अनुभव, विधि क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता तथा कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाध्यक्ष राठौड़ ने विश्वास जताया कि एडवोकेट राजूराम हरियाल के नेतृत्व में पाली ब्लॉक में विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई विभाग को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। साथ ही आमजन के अधिकारों की रक्षा, कानूनी सहायता और जन-जागरूकता के क्षेत्र में विभाग प्रभावी भूमिका निभाएगा।
नियुक्ति की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं विधि विभाग से जुड़े अधिवक्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है। वहीं एडवोकेट राजूराम हरियाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।



