मारवाड़ जंक्शन में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के तहत जागरूकता कार्यशाला, शिक्षा-स्वास्थ्य-सुरक्षा पर 90 बालिकाओं को किया गया सशक्त

मारवाड़ जंक्शन : महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ के निर्देशानुसार मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मारवाड़ जंक्शन में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत “बेटियों का सम्मान, देश का स्वाभिमान: शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला” का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया।
कार्यशाला का संयोजन जिला हब एम्पावरमेंट ऑफ विमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री द्वारा किया गया, जिसमें बालिकाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला के दौरान महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना तथा काली बाई भील शिक्षा सेतु योजना प्रमुख रहीं। वक्ताओं ने बताया कि ये योजनाएं महिलाओं एवं बालिकाओं को आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

विद्यालय की प्राचार्या के नेतृत्व में महिला अधिकारिता विभाग से सुपरवाइजर करीना, महिला सुपरवाइजर कमला शर्मा, गीता, सुनीता, प्रियंका, सुनेना, सहायक प्रशासनिक अधिकारी कुसुम, धापू देवी, मीरा (एएनएम) सहित विभागीय कार्मिकों की उपस्थिति रही। कार्यशाला में कुल 90 बालिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं बालिकाओं को न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देती हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य के प्रति सजग होने की प्रेरणा भी प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि लिंग समानता की दिशा में यह एक सशक्त पहल है।
वहीं सुपरवाइजर करीना ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर ऐसे आयोजन बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं और समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। कार्यशाला ने जिले में संचालित ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए बालिकाओं को उनके मौलिक अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



