google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

बजरंग बाड़ी पाली में पाँच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन, 198 स्काउट-गाइड हुए प्रशिक्षित

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी, पाली में स्थानीय संघ पाली एवं गुंदोज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय स्काउट-गाइड द्वितीय व तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में पाली ब्लॉक के 198 स्काउट-गाइड ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

राष्ट्रगीत वन्दे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत स्काउट-गाइड द्वारा सामूहिक राष्ट्रगीत गायन किया गया। इसके साथ ही “वन्देमातरम @150” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने देशभक्ति और रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया।

चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता स्काउट-गाइड को सी.ओ. स्काउट गोविन्द मीना, स्वावलंबन फाउंडेशन के वैभव भंडारी, प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर बसंत कुमार परिहार एवं भामाशाह व समाजसेवी ओमप्रकाश परिहारिया द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

स्थानीय संघ पाली के सचिव कैलाश कुमार एवं गुंदोज के सचिव प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर में द्वितीय एवं तृतीय सोपान का सघन प्रशिक्षण दिया गया तथा तृतीय सोपान की परीक्षाएँ भी आयोजित की गईं। तृतीय सोपान उत्तीर्ण स्काउट-गाइड को शीघ्र ही प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। ये स्काउट-गाइड आगामी वर्ष राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण एवं जाँच शिविर में भाग लेकर राज्य पुरस्कार प्राप्ति के लिए पात्र होंगे।

शिविर के चतुर्थ दिवस सहायक निदेशक, स्कूल शिक्षा पाली ललित देव शर्मा द्वारा शिविर का अवलोकन किया गया। उन्होंने स्काउट-गाइड को संबोधित करते हुए अनुशासन, सेवा-भावना एवं आदर्श नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

पाँच दिवसीय शिविर में स्काउटिंग का इतिहास, गांठें लगाना, गैजेट निर्माण, प्राथमिक सहायता, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता अभियान सहित पाठ्यक्रम से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्य में उर्मिला यति, वजाराम राणा, जगदीश चंद्र, दीपमाला, आकाश कुमार सहित प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह प्रशिक्षण शिविर स्काउट-गाइड में नेतृत्व, सेवा, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button