सोमेसर स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, रेल समिति ने सौंपा ज्ञापन

पाली : मारवाड़–गोडवाड़ रेल समिति (पाली–सिरोही जिला रेलखंड) ने सोमेसर रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव एवं यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर स्टेशन मास्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की समस्याओं से रेलवे प्रशासन को अवगत कराया गया।
समिति के मीडिया प्रभारी अशोक कड़ेला (निम्बाड़ा–सोमेसर) ने बताया कि पत्र क्रमांक MGRS/2026/007 के तहत सोमेसर रेलवे स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने बताया कि सोमेसर रेलवे स्टेशन सैकड़ों गांवों के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल केंद्र है, लेकिन पर्याप्त ट्रेनों के ठहराव एवं सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से जोधपुर–बेंगलुरु एक्सप्रेस (16507/08), सूर्यनगरी एक्सप्रेस (12479/80), दौलतपुर चौक एक्सप्रेस (19411/12) सहित अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों के सोमेसर स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई। इसके साथ ही अहमदाबाद–जयपुर लोकल यात्री ट्रेन को पुनः शुरू करने तथा पुष्कर–मारवाड़ जंक्शन यात्री ट्रेन को आगे बढ़ाकर आबूरोड/अहमदाबाद तक संचालित करने की मांग भी रखी गई।

इसके अतिरिक्त स्टेशन पर वर्षों से लंबित प्लेटफॉर्म के नीचे अंडरपास निर्माण, मुख्य प्रवेश द्वार पर पार्किंग व्यवस्था में सुधार, पार्किंग क्षेत्र में शौचालय निर्माण, पेड़-पौधों का समुचित रखरखाव एवं नियमित सफाई व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। रेल समिति ने आशा जताई कि इन मांगों के पूर्ण होने से सोमेसर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर शिक्षाविद एवं समाजसेवी कैलाश चंद्र, आनंद प्रसाद गर्ग, रमेश कुमार भाटी, अर्जुन लाल आदिवाल, महिपाल ट्रेलर, ताराचंद कोहली, ज्वरीदास वैष्णव, परमेश्वर सिंह राजपुरोहित, रमेश कुमार घांची पांचेटिया, हर्षित सिंह शेखावत, मुकेश भाटी, मेहबूब पठान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



