राष्ट्रीय बालिका दिवस पर पैकेज कॉलोनी स्कूल में भव्य आयोजन, छात्राओं को साइकिल-स्वेटर वितरित, मेधावी बालिकाएं सम्मानित

पाली : अंतरराष्ट्रीय शिक्षा एवं राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर श्रीमती चीमा बाई संचेती राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पैकेज कॉलोनी में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम सोनी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख एवं अध्यक्ष पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राहुल राजपुरोहित, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप कर्मचंदानी, सोड़ावास विद्यालय के प्रधानाचार्य हितेश रामावत तथा एयू स्माल फाइनेंस बैंक के शाखा प्रबंधक राजदीप सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा ने बालिकाओं से आगे की पढ़ाई जारी रखने का आह्वान करते हुए कहा कि आज बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। सरकार बालिकाओं को जन्म से लेकर शिक्षा तक अनेक सुविधाएं एवं विशेष आरक्षण प्रदान कर रही है, जिसका लाभ उठाकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने राष्ट्रीय बालिका दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बालिकाओं से जाति-पाति के भेदभाव से ऊपर उठकर संस्कारित, शिक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षिका कृष्णा शर्मा के नेतृत्व में क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली विद्यालय की बालिका टीम को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत 21 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान एयू स्माल फाइनेंस बैंक द्वारा 50 स्वेटर तथा रमेश-डिंपल की ओर से 30 जैकेट बालिकाओं को वितरित किए गए। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर कक्षा 11वीं की छात्रा सुहानी को श्री सांवलियाजी सेठ की ओर से 2100 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित एवं सीबीईओ दिलीप कर्मचंदानी ने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने एवं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम लाने का आह्वान किया।

विद्यालय स्टाफ द्वारा अतिथियों का माला, उपरणा एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में संतोष चौधरी, पंकज शर्मा, हेमंत दवे, महेंद्र, राजकुमारी जैन, अनुराधा राजपुरोहित, मनीषा, दीया, मैना देवी, शोभा शर्मा, यास्मीन, कृष्णा शर्मा, एयू बैंक की स्वाती जोशी, गौरव त्रिवेदी सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।




