राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पाली में “माई भारत–माई वोट” पदयात्रा, युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने की पहल

पाली : जिला प्रशासन के सानिध्य में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन मेरा युवा भारत (माय भारत), पाली द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को मतदाता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य “माई भारत–माई वोट” के संदेश के माध्यम से युवाओं एवं नागरिकों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाना है।
जिला मुख्यालय पर आयोजित यह पदयात्रा राजकीय बांगड़ विद्यालय से प्रारंभ होकर सूरजपोल होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पर संपन्न होगी। पदयात्रा में एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना, भारत स्काउट एवं गाइड तथा माय भारत के युवा स्वयंसेवक सक्रिय सहभागिता करेंगे।
यह कार्यक्रम देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों तथा जिला मुख्यालयों में एक साथ आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ ने जिले के युवाओं एवं माय भारत स्वयंसेवकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय स्तर की युवा जन-सक्रियता का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका विशेष फोकस पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर है, ताकि वे सूचित, नैतिक एवं सक्रिय मतदाता बन सकें।
उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता को शारीरिक फिटनेस एवं सामुदायिक सहभागिता से जोड़ते हुए यह पहल राष्ट्रीय मतदाता दिवस को युवाओं के नेतृत्व में एक जीवंत जन आंदोलन में बदलने का प्रयास है। लोकतांत्रिक गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है।
जिला युवा अधिकारी ने युवाओं से अपील की कि वे 25 जनवरी 2026 को पदयात्रा में सहभागी बनकर “गर्व से मतदान करें” का संदेश जन-जन तक पहुँचाएँ और लोकतांत्रिक सहभागिता को जनआंदोलन का स्वरूप दें।



