google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जनता की सुनवाई और त्वरित राहत प्रशासन की प्राथमिकता: जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री, साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

पाली : जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रशासनिक कार्यों, जनसुनवाई एवं विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशासन आमजन की सेवा के लिए है, इसलिए जनता के कार्यों को प्राथमिकता से करते हुए उन्हें त्वरित एवं प्रभावी राहत प्रदान की जाए।

बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी मामलों का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजउन्नति से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं, बांडी नदी से संबंधित कार्यों, डीएमएफटी के लंबित एवं स्वीकृत कार्यों, पंच गौरव योजना के भुगतान तथा विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान, कृषि एवं बागवानी विभाग की योजनाओं, शिक्षा विभाग में नामांकन एवं वंदेमातरम् अभियान की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की पालनहार योजना एवं पेंशन सत्यापन, चिकित्सा विभाग की वय वंदन योजना, मौसमी बीमारियों की स्थिति तथा बांगड़ चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। श्रम, उद्योग, महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडो प्रोत्साहन सहित अन्य योजनाओं पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला कलक्टर ने आगामी निम्बेश्वर महादेव पशु मेला सांडेराव (13 से 17 फरवरी) तथा राजीविका मेला (21 से 27 फरवरी) के आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों को पानी, बिजली, आवास, चिकित्सा, कानून व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दोनों आयोजनों का सफल संचालन हो सके। बैठक में आईएएस बिरजू गोपाल, उपखंड अधिकारी पाली विमलेंद्र राणावत, एसीईओ महेंद्र मेहता, विशाल सीपा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button