google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जिला न्यायालय परिसर में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बार-बेंच मैत्री क्रिकेट में बेंच टीम विजयी

पाली : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को जिला एवं सेशन न्यायालय, पाली परिसर में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला एवं सेशन न्यायाधीश, पाली राजेन्द्र कुमार के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह तथा बार-बेंच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड पाली निलेश सिंह चौधरी द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया।

इस अवसर पर पाली न्यायक्षेत्र में न्यायिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार ने अपने उद्बोधन में नागरिकों के मूल कर्तव्यों के पालन पर जोर देते हुए गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इसी दिन भारत की संविधान सभा द्वारा निर्मित संविधान को देश ने आत्मार्पित एवं अंगीकृत किया था।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में बार एसोसिएशन पाली के अध्यक्ष पीएम जोशी एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋचा चौधरी ने भी गणतंत्र दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली पब्लिक स्कूल, सोजत रोड, पाली के खेल मैदान में बार एवं बेंच के मध्य मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मैच में जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में बेंच टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की।

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश (पोक्सो प्रकरण संख्या-01) निहाल चन्द, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश शरद तंवर, एसीजेएम (सांप्रदायिक दंगा) कविता कच्छवाहा, एसीजेएम ज्योति देवी शर्मा, न्यायिक अधिकारीगण वीनस चौधरी, मनीषा चारण, बार एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारी, अधिवक्तागण एवं न्यायालय कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button