पाली में ‘वंदे मातरम् – 150 वर्ष’ पर भव्य मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का शुभारंभ, विकसित भारत की योजनाओं से रूबरू हो रहे आमजन

पाली : सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही द्वारा राजकीय बांगड़ पी.जी. महाविद्यालय, पाली परिसर स्थित सेमिनार हॉल में 29 से 30 जनवरी तक आयोजित दो दिवसीय “वंदे मातरम् – 150 वर्ष : विकसित भारत, अन्नदाता का मान, श्रम शक्ति का सम्मान” विषयक मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन बुधवार को जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने किया।

उद्घाटन समारोह में वृताधिकारी मदन सिंह चौहान, महाविद्यालय प्राचार्य महावीर सिंह, सुनील भंडारी, एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र के प्राचार्य डॉ. के.सी. सैनी, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. बजरंग लाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

प्रदर्शनी में वंदे मातरम् के 150 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा के साथ-साथ केन्द्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित पैनल, वीडियो एवं डिजिटल सामग्री प्रदर्शित की गई है। जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने आमजन से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी का अधिक से अधिक अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सही जानकारी ही पात्र व्यक्ति तक वास्तविक लाभ पहुंचा सकती है।

कार्यक्रम में सुनील भंडारी ने वर्ष 2014 के बाद केन्द्र सरकार की उपलब्धियों, युवाओं को स्टार्टअप से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए प्रयासों की जानकारी दी। मुख्य वक्ता डॉ. के.सी. सैनी ने नशा मुक्ति पर जोर देते हुए तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का आह्वान किया।
इस दौरान डाक विभाग, बैंकिंग, चिकित्सा एवं आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों ने सुकन्या समृद्धि योजना, जनधन खाता, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वित्तीय साक्षरता एवं साइबर अपराध से बचाव पर भी उपयोगी सुझाव दिए गए।

प्रदर्शनी के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। लीला देवी पार्टी, पाली द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का संदेश दिया गया। प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा सूचना स्टॉल भी लगाए गए। प्रदर्शनी के पहले दिन बड़ी संख्या में विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।




