शहीद दिवस पर बांगड़ स्टेडियम में गूंजे गांधी विचार, ‘मेरा युवा भारत’ ने युवाओं को जोड़ा राष्ट्रपिता के आदर्शों से

पाली : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर मेरा युवा भारत, पाली द्वारा बांगड़ स्टेडियम में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों और उनसे प्राप्त प्रेरणाओं को आत्मसात किया।

जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवाओं के लिए गांधीजी के जीवन दर्शन पर आधारित भाषण प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले विजेता प्रतिभागियों को माय भारत केंद्र द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर युवाओं को माय भारत की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में इससे जुड़ने का आह्वान किया गया, ताकि युवा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी प्रभारी जलेसिंह, लहरीदास वैष्णव, ऐश्वर्या कॉलेज निदेशक ताजवीर सिंह, गजेन्द्र कुमार, भंवरसिंह राजपुरोहित, गिरधारीलाल सैन, धनराज भाटी सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। आयोजन में युवाओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।



