पाली में संत शिरोमणि रविदास जयंति महोत्सव: भव्य भजन संध्या और कलश शोभायात्रा की तैयारियां जोरों पर

पाली : संत शिरोमणि रविदास जयंति समारोह समिति पाली के तत्वावधान में 30 जनवरी शुक्रवार को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस संध्या में बाबुलाल सोलंकी एवं उनके दल ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिसमें सैकड़ों समाजबन्धु व महिलाएं भजनों की धुन पर झूमते और नाचते नजर आए। कार्यक्रम में गणेश वंदना एवं गुरू वंदना से प्रारंभ कर कैलाश दौलिया, हीरालाल रैगर सहित रैगर समाज के अन्य भजन गायकों ने भी भजनों का संगीतमय प्रदर्शन किया।
भजन संध्या का मंच संचालन सुनील खोरवाल और मदनलाल चंगेरीवाल ने किया। समिति अध्यक्ष ताराचंद कुर्डिया ने सभी कलाकारों और समाजबन्धुओं को माला एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया। समारोह समिति के प्रवक्ता रामलाल चौहान ने बताया कि कल, 1 फरवरी को रैगर और जटिया समाज की ओर से सूरजपोल रैगर समाज भवन से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह कलश यात्रा बैण्ड-बाजों और रथ सहित शहर के विभिन्न मार्गों — अम्बेडकर सर्किल, गांधी मूर्ति, सुभाष सर्किल होते हुए संत रविदास सर्किल मिल गेट पर संपन्न होगी।

समारोह स्थल पर प्रातः 11 बजे समाजबन्धुओं का बहुमान किया जाएगा, जबकि दोपहर 1.25 बजे बांगड़ धर्मशाला में महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। जयंति महोत्सव में मुख्य अतिथि पाली विधायक भीमराज भाटी, पूर्व विधायक ज्ञानचन्द पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शिशुपालसिंह निम्बाडा, नगर निगम की पूर्व महापौर रेखा राकेश भाटी, पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ एवं महेन्द्र बोहरा होंगे।
विशिष्ट अतिथियों में अखिल भारतीय रैगर महासभा पाली के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भट्ट, नगर विकास न्यास पाली के सहायक अभियंता अश्विनी कुमार सिंघाड़िया, कनिष्ठ अभियंता अशोक नवल एवं रैगर समाज सेवा संस्थान पाली के अध्यक्ष देवेन्द्र मौर्य शामिल होंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन मदनलाल चंगेरीवाल एवं देवेन्द्र मौर्य द्वारा किया जाएगा।
समारोह समिति के अध्यक्ष ताराचंद कुर्डिया ने बताया कि जयंति महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति एवं रैगर समाज की महिला एवं पुरुष सदस्य पूरी तैयारी में जुटे हैं। समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य — उपाध्यक्ष भीकमचन्द नोगिया, महासचिव मदन चंगेरीवाल, सचिव दीपेश चावरीवाल, कोषाध्यक्ष सुनिल चोरोटिया, सह कोषाध्यक्ष सुरेश तंवर सहित अन्य — उत्साहपूर्वक कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं।
समारोह की तैयारियों में सूरजपोल वार्ड इकाई, न्यू शक्ति नगर, बीपीएल कॉलोनी वार्ड सहित लगभग सभी सामाजिक और धार्मिक संगठन सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। समिति प्रवक्ता रामलाल चौहान ने बताया कि यह जयंति महोत्सव पाली में भक्तिभाव, संगीत और सामाजिक सामंजस्य का अनुपम उदाहरण साबित होगा।



