सुमेरपुर को बड़ी सौगात: 1.59 करोड़ का नया पीएचसी और 75 लाख की सड़क का लोकार्पण, मंत्री जोराराम कुमावत का विकास दौरा

पाली : पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के मंत्री जोराराम कुमावत शनिवार को पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए स्वास्थ्य और सड़क विकास से जुड़े अहम कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
मंत्री कुमावत ने ग्राम पंचायत सिंदरू में 159 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इस आधुनिक पीएचसी भवन में 6 बेड की सुविधा, रिसेप्शन, वेलनेस सेंटर, ओपीडी कक्ष, लेबर रूम, लैबोरेटरी एवं चिकित्सा अधिकारी आवास का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे ग्रामीणों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। पीएचसी पर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित जांच और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं सुलभ होंगी।
इसके साथ ही मंत्री कुमावत ने 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्टेट हाइवे-16 (कमल विहार जैन तीर्थ, सांडेराव) से सिंदरू तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क पट्टीका का अनावरण कर लोकार्पण किया। सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क और मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंच सके।



