केंद्रीय बजट पर कांग्रेस का हमला: ‘अमृतकाल नहीं, आम आदमी के लिए आपदाकाल’, पाली की फिर हुई अनदेखी – शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा

पाली : संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। पाली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने बजट को दिशाहीन, जनविरोधी और आमजन की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला करार देते हुए कहा कि यह “अमृतकाल का नहीं, बल्कि आम आदमी के लिए आपदाकाल का बजट” है।
निम्बाड़ा ने कहा कि बजट में शब्दों की चमक तो है, लेकिन गरीब की थाली, युवा के रोजगार और किसान की आय की कोई चिंता नहीं दिखाई देती। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री ने एक बार फिर जनता को राहत देने के बजाय आंकड़ों की बाजीगरी से काम लिया है।
उन्होंने कहा, “बढ़ती महंगाई पर लगाम लगाने का कोई ठोस रोडमैप नहीं है और न ही युवाओं के लिए स्थायी रोजगार की कोई गारंटी। यह बजट जमीन की सच्चाइयों से कोसों दूर है।”
पाली जिले की उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए निम्बाड़ा ने कहा कि मारवाड़ और पश्चिमी राजस्थान को इस बजट से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन केंद्र सरकार ने एक बार फिर सौतेला व्यवहार किया है।
उन्होंने कहा कि पाली के टेक्सटाइल उद्योग को प्रदूषण और आर्थिक मंदी से उबारने के लिए विशेष पैकेज की आवश्यकता थी, लेकिन बजट में इस पर पूरी तरह चुप्पी साध ली गई। साथ ही जवाई बांध के पुनर्भरण और पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए भी कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया, जो क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है।
निम्बाड़ा ने आरोप लगाया कि यह बजट चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाला दस्तावेज है, जबकि किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के लिए इसमें केवल जुमले हैं।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से त्रस्त गृहिणियों को भी इस बजट से कोई राहत नहीं दी गई है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का पुरजोर विरोध करती है।



