
पाली : केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताते हुए भाजपा ने इसका स्वागत किया है। भाजपा जिला प्रवक्ता त्रिलोक चौधरी ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग—विशेषकर महिलाओं, किसानों, युवाओं और पशुपालकों—के सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
चौधरी ने कहा कि प्रत्येक ज़िले में गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना की घोषणा से बालिकाओं की शिक्षा को नया आयाम मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सुरक्षित व सुलभ वातावरण प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि कैंसर की लगभग 17 दवाइयों के दाम घटाए जाने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी और गंभीर बीमारी के इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा।
भाजपा जिला प्रवक्ता ने कहा कि बजट में ग्रामीण महिलाओं के लिए नवाचारपूर्ण एवं बेहतर वित्तीय सहायता की व्यवस्था की गई है, जिससे महिला सशक्तिकरण को गति मिलेगी। वहीं आशा सहयोगिनी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराना सरकार का एक सराहनीय और संवेदनशील निर्णय है।
चौधरी ने कहा कि लखपति दीदी योजना को और अधिक सशक्त बनाया गया है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर देश की अर्थव्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा सकें। साथ ही MSME क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, पशुपालकों, किसानों और युवाओं के लिए किए गए प्रावधान समग्र विकास को नई रफ्तार देंगे।
उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूती देता है और आने वाले वर्षों में देश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगा।



