google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशधार्मिकब्रेकिंग न्यूज़राज्य

पाली में गूंजा सनातन चेतना का स्वर, हिन्दू सम्मेलन में समाज शक्ति और राष्ट्रबोध का लिया गया संकल्प

पाली : स्थानीय महालक्ष्मी नगर बस्ती के तत्वावधान में रविवार को आईजी वाटिका में भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस वैचारिक एवं सांस्कृतिक समागम के माध्यम से समाज की एकजुटता, राष्ट्र चेतना और सनातन संस्कृति की पहचान को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

सम्मेलन की शुरुआत शनिवार सायंकाल आईजी वाटिका से भव्य वाहन रैली के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। रविवार दोपहर 1:30 बजे आईमाता मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः आईजी वाटिका पहुंची। कलश यात्रा के दौरान महिलाओं, युवाओं और बच्चों में उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरा क्षेत्र धर्ममय वातावरण में सराबोर हो गया।

मुख्य समारोह में परम पूज्य महंत चेतनगिरी महाराज (हिंगलाज माता मंदिर) का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने, सनातन मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग कार्यकारिणी सदस्य मुकेश वैष्णव ने ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत अपने घर और अपने आचरण से होनी चाहिए।

सम्मेलन के दौरान 7 से 15 वर्ष के बालक-बालिकाओं के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने हिन्दू देवी-देवताओं एवं महापुरुषों का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। साथ ही सनातन संस्कृति आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत स्वर-मनीषी मनोज निम्बार्क एंड पार्टी की भक्ति एवं देशभक्ति से सजी प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

इस आयोजन को सफल बनाने में जय नारायण, मनोहर सिंह, हीरालाल, छगन, जयराम, निर्मला सहित आयोजन समिति एवं समस्त सह-संयोजकों का विशेष योगदान रहा। महालक्ष्मी नगर, भैरवा नगर, मुकुट विहार, वैष्णव कॉलोनी सहित आसपास की सभी कॉलोनियों के परिवारों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button